Loading...

अलीगंज में हुई अग्निकांड की घटना सामान्य नहीं सरकार की नाकामी: अखिलेश यादव

Gargachary Times 23 June 2026, 20:50 40 views
Lucknow
अलीगंज में हुई अग्निकांड की घटना सामान्य नहीं सरकार की नाकामी: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव कहा है कि लखनऊ के अलीगंज में हुई अग्निकांड की घटना सामान्य घटना नहीं है। भाजपा सरकार में जो नक्शे पास हुए हैं और जो एनओसी मिली है, उसकी जांच होनी चाहिए। जिससे इस तरह की घटना दोबारा न हो। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पार कर चुका है। अगर सही जांच होगी तो भाजपा के लोग दोषी पाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों और नई पीढ़ी की मौत किसी परिवार के लिए सबसे बड़ा दुःख होता है। लखनऊ अग्निकांड बहुत दुःखद दुर्घटना है। इतनी बड़ी संख्या में जान चली गयी। मदद के लिए बच्चों ने अपने माता-पिता को फोन किया। कई लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया। लेकिन समय रहते मदद नहीं मिल पायी। इतने परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया है। मंगलवार को लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। भ्रष्टाचार से बनी सरकार भ्रष्टाचार कर रही है। सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार के कारण छात्रों की जान चली गयी। इससे पहले भी लखनऊ में अग्निकांड के कारण जान चली गयी थी। झोपड़ पट्टियों में भी कुछ दिन पहले आगजनी हुई थी। लोगों का आरोप था कि झोपड़ पट्टियों में आग लगायी गयी थी। इसी तरह से चारबाग में अग्निकांड की घटना हुई थी। लिवाना होटल में अग्निकांड की घटना कोई भूल ही नहीं सकता। अखिलेश यादव ने कहा कि अलीगंज के रेजिडेंशियल एरिया में कमर्शियल गतिविधि चल रही थी। भाजपा सरकार इतने दिनों तक क्या कर रही थी। लगता है 10 साल से प्रदेश में सरकार ही नहीं है। आखिर सरकार की क्या जिम्मेदारी है? भ्रष्टाचार करके एनओसी क्यों दी जा रही है? इसके लिए जिम्मेदार कौन है? अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग कैमरा देख कर दिखावटी आंसू बहा रहे थे। जैसे कैमरा हटता है आंसू रूक जाते हैं। सरकार को पीड़ित परिवारों की बड़े पैमाने पर मदद करनी चाहिए। पांच लाख रूपये का मुआवजा पर्याप्त नहीं है। जिनकी मौत हुई है वे होनहार बच्चे थे। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने में हम उनकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में डायल 100 नम्बर इसीलिए शुरू हुआ था जिससे गांव में भी बैठकर कोई फोन करे तो पुलिस और फायर ब्रिगेड उनकी मदद के लिए आ जाए। लेकिन भाजपा सरकार ने डायल 100 को बर्बाद कर दिया। इसी 100 नम्बर से मेडिकल और अन्य सुविधायें भी मिलनी थी। सौ नम्बर से पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बूलेंस तीनों व्यवस्था जुड़नी थी। साथ ही तय किया गया था कि शहरों में पुलिस तीन से चार मिनट में घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। अलीगंज में जहां अग्निकांड की घटना हुई वहां पर 100 नम्बर या 112 की गाड़ी दो से तीन मिनट की दूरी पर रही होगी लेकिन फोन ही नहीं उठा। सरकार संवेदनशील नहीं है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर के चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईटी का गठन सरकार के लिए बचने का तरीका है। सरकार ने बचने के लिए एसआईटी का गठन किया था लेकिन वहां पर लगे सीसी टीवी ने इनकी सारी पोल खोल दी है। सीसी टीवी फुटेज चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी मौजूद है। अभी तो पता चला है कि चांदी की सिलाएं भी गायब है। चढ़ावे में आयी 200 किलों चांदी भी गायब है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट के अलावा और कोई दूसरा काम नहीं हो रहा है।
Follow Samachar24