केजीएमयू अस्पताल में जाकर अग्निकांड पीड़ितों से मिले अखिलेश यादव
Gargachary Times
23 June 2026, 20:51
47 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केजीएमयू लखनऊ जाकर अलीगंज के कोचिंग अग्निकांड में बुरी तरह घायल नौजवान जयंत कुमार से मुलाकात की और उसका हालचाल जाना। डॉक्टरों से उन्होंने उसकी चिकित्सा व्यवस्था पर भी चर्चा की। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी तथा उत्तरी विधानसभा की प्रत्याशी पूजा शुक्ला भी मौजूद रही।
अखिलेश यादव ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता तो अलीगंज में इतनी बड़ी घटना नहीं होती। सरकार पीड़ित परिवारों की एक करोड़ रूपये देकर मदद करें। जो घायल हुए हैं उनका पूरा इलाज हो। जो नौकरी कर रहे थे उनको स्वस्थ होने तक पूरा वेतन दिया जाय।
केजीएमयू के बाहर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अहंकार में चूर है। इसे न कुछ दिखाई देता है और न कुछ समझती है। लोगों ने देखा कि कैसे इस सरकार ने बुलडोजर चलाकर अकबर नगर के लोगों को हटा दिया था। इससे पहले अग्निकांड की घटना में मुख्यमंत्री ने कहा था कि 24 घंटे में बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर देंगे लेकिन क्या हुआ? गरीबों को उजाड़ने के लिए आग लगा दी गयी थी लेकिन दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई?
इस अवसर पर यामीन खान समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय महासचिव, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी, अदनान खान, फखरूल हसन चांद प्रवक्ता, नवीन धवन बंटी एवं अन्य समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।