जलभराव से नाराज लोगों का प्रदर्शन, भूख हड़ताल की चेतावनी अधूरे सड़क-नाला निर्माण को लेकर सांसद और विधायक के खिलाफ की नारेबाजी
Gargachary Times
23 June 2026, 20:54
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मैनपुरी रोड स्थित आवगंगा रोड-बुड़रई मार्ग पर जलभराव और अधूरे निर्माण कार्य से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। मोहल्लेवासियों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नाले और सड़क निर्माण का कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन उसे बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया। इसके चलते जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है और सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सांसद अक्षय यादव और विधायक डॉ. मुकेश वर्मा के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी “अक्षय यादव सांसद जी आंखें खोलो, संज्ञान लो” और “विधायक मुकेश वर्मा शर्म करो” लिखे पोस्टर लेकर धरने पर बैठे दिखाई दिए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका, सांसद और विधायक से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि वर्ष 2021 से क्षेत्र के लोग जलभराव की समस्या झेल रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने जनवरी 2026 में हुई रिंकू प्रजापति की मौत का मामला भी उठाया। उनका कहना है कि 19 जनवरी 2026 को रिंकू खुले नाले में गिर गया था, जिससे उसकी गर्दन टूट गई थी और 21 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद अब तक नाले को ढका नहीं गया है।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क और नाले के निर्माण कार्य को पूरा कराने तथा जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।