पाइपलाइन विवाद में युवक पर हमला, अपहरण के प्रयास का आरोप
Gargachary Times
25 June 2026, 19:28
64 views
Mathura
डी डी शर्मा
गोवर्धन। थाना मगोर्रा क्षेत्र के ग्राम बछगाँव निवासी एक युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट, अपहरण के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बछगाँव निवासी बबलू पुत्र वीरेन्द्र सिंह ने एसएसपी को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया है कि गांव में पानी की पाइपलाइन को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने उससे रंजिश मान ली। पीड़ित का कहना है कि वह 18 मई को किसी कार्य से ट्रैक्टर लेकर सौंख गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोग उसका पीछा करते हुए सौंख पहुंच गए। पीड़ित के अनुसार, मोहल्ला पुन्ना ठोक स्थित एक मकान के पास आरोपितों ने उसे घेर लिया। बचने के लिए वह एक घर के अंदर चला गया, लेकिन आरोप है कि वहां भी उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर उसे जबरन बाहर खींचकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
बबलू का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उसने एसएसपी से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।