एनएच-19 पर हादसा: बालू भरे ट्रैक्टर में कैंटर ने मारी टक्कर, चालक की मौत
Gargachary Times
26 June 2026, 20:08
49 views
Mathura
फरह। दिल्ली-आगरा मार्ग एनएच-19 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टाइन शिप के पास बालू से भरे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से आई तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना फरह पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायल कैंटर चालक को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान चालक बंटी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कैंटर की तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से आ रही कैंटर के चालक ने संभवत: दूरी का अंदाजा नहीं लगाया और नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एनएच पर लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोग भी चिंतित हैं।