33000 केवी केबल बॉक्स में लगी आग, फरह-रहीमपुर फीडर ठप, 48 गांवों समेत कस्बे की बिजली गुल
Gargachary Times
26 June 2026, 20:08
47 views
Mathura
फरह। भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को 33000 केवी विद्युत उपकेंद्र पर बड़ा तकनीकी फॉल्ट होने से फरह और रहीमपुर फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। केबल बॉक्स में अचानक आग लगने से दोनों फीडर बंद हो गए, जिससे कस्बा फरह सहित करीब चार दर्जन गांवों की बिजली घंटों बाधित रही। अचानक आपूर्ति ठप होने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 33 केवी केबल बॉक्स में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे फरह और रहीमपुर फीडरों से जुड़े सभी क्षेत्रों की सप्लाई बंद हो गई। सूचना पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल बॉक्स को बदलने का काम शुरू किया। कई घंटे तक मरम्मत कार्य चलता रहा, जिसके चलते दिनभर बिजली बहाल नहीं हो सकी।
बिजली गुल रहने से सबसे ज्यादा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ा। सबमर्सिबल और पानी की मोटरें बंद होने से लोग पानी के लिए भटकते रहे। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और मरीज बेहाल हो गए। घरों में कूलर-पंखे बंद रहने से लोग छतों और बरामदों में समय बिताने को मजबूर हुए।
कस्बे के बाजार में भी बिजली संकट का असर दिखा। आटा चक्की, वेल्डिंग, कंप्यूटर सेंटर, फोटोकॉपी, मोबाइल रिपेयरिंग और डेयरी जैसे छोटे कारोबार पूरी तरह ठप रहे। व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इंटरनेट सेवा बाधित होने से ऑनलाइन काम भी रुक गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न होने से नलकूप बंद रहे, जिससे धान और सब्जियों की सिंचाई प्रभावित हुई। पशुपालकों को मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करने में दिक्कत हुई। लोगों ने विभाग से जर्जर उपकरण समय पर बदलने की मांग की है।
एसडीओ फरह देवेंद्र ने बताया कि 33000 केवी केबल बॉक्स जलने से आपूर्ति बाधित हुई थी। तकनीकी टीम ने युद्धस्तर पर फॉल्ट ठीक कर देर शाम दोनों फीडरों की बिजली बहाल कर दी गई।