आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दो की मौत, 25 घायल
Gargachary Times
26 June 2026, 20:25
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद के थाना नगला खंगर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसा एक्सप्रेसवे के खंभा संख्या 63 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया है कि बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं पांच यात्रियों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकलवाया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।