Loading...

जिलाधिकारी विशाख जी0 द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की

Gargachary Times 31 August 2025, 08:53 175 views
Lucknow
जिलाधिकारी विशाख जी0 द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की
आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स और उनके सुधार के कार्यों की समीक्षा की गई। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण श्री सतेंद्र नाथ द्वारा बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कुल 58 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए गए थे। जिनको विश्वकर्मा पोर्टल पर दर्ज कराते हुए सुधार करने की कार्यवाही की जा रही है। जिसके सापेक्ष 53 ब्लैक स्पॉट के सुधारात्मक कार्य पूरे हो गए है और अवशेष 5 पर कार्य प्रगति पर है। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दयाल पैराडाइज, लोहिया पथ और प्लासियों माल रैंप संबंधित ब्लैक स्पॉट के सुधारात्मक कार्य की प्रगति की जानकारी मांगी गई। जिसके सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि उक्त सभी पर सुधार के कार्य अंतिम चरण में है। अगली बैठक से पहले सभी कार्य पूर्ण हो जाएंगे। उक्त के बाद बैठक में जिलाधिकारी द्वारा ब्लैक स्पॉट्स के आस पास चिकित्सकीय संस्थान की उपलब्धता के संबंधित बिंदु की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि गत बैठक में बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र 100 शय्या हॉस्पिटल में एक्सीडेंट केयर और ट्रामा सेंटर फैसिलिटी का प्रस्ताव बनाने हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि चिकित्सा विभाग से समन्वय करते हुए उक्त सुविधाओं हेतु स्टीमेट तैयार कराया जा रहा है शीघ्र ही राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति से प्रस्ताव स्वीकृति हेतु प्रेषित कर दिया जाएगा। उक्त के बाद बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विद्यालयों में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी मांगी गई। जिसके सम्बन्ध में एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि गत बैठक में जारी निर्देशों के क्रम में कुल 525 विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों के विद्यालय आने जाने का साधन और ड्राइवरों का डेटा उपलब्ध करा दिया गया है। जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा एआरटीओ को निर्देशित किया गया कि जिन विद्यालयों के ड्राइवर्स का डेटा प्राप्त हो गया है उसको सत्यापन हेतु पुलिस प्रशासन को भेज कर जांच करवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्देशित की गया कि जो चालक पुलिस वेरिफिकेशन में फेल होते है तत्काल उनके संबंधित विद्यालयों को संज्ञानित करते हुए स्कूली बच्चों के परिवहन से रोकना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जो विद्यालय मिशन भरोसा अंतर्गत पोर्टल पर आन बोर्ड नहीं हुए है उनको शीघ्र ही पोर्टल पर आन बोर्ड करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि आगामी बैठक में सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित किए गए निरीक्षणों में NHAI से सम्बन्धित जो भी बिंदु सुधारात्मक कार्य के सम्बन्ध में चिन्हित किए गए है उन पर क्या अनुपालन किया हैं उसको भी बैठक के एजेंडे में शामिल करते हुए समीक्षा किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और ब्लैक स्पॉट के सुधार के दृष्टिगत NHAI द्वारा क्या क्या कार्य किए जा रहे है उनकी मॉनिटरिंग करते हुए यथाशीघ्र कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उक्त के बाद बैठक में यातायात नियमों का अनुपालन न करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्यवाही से संबंधित बिंदु की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि ड्रिंक एंड ड्राइव पर प्रभावी रोक लगाने हेतु परिवहन विभाग पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करे। शहर के मुख्य मार्गों पर रात्रि के समय परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमों के द्वारा नशे में वाहन चलाने वालो एवं ओवर स्पीडिंग पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करे। साथ ही आरटीओ प्रवर्तन को निर्देशित किया गया कि इस हेतु कब कब कहां कहा चेकिंग की जानी है उसका रोस्टर बना कर प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाए। उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, जिला विद्यालय निरीक्षक, एआरटीओ, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24