Loading...

ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज मंदिर में धूमधाम से मनाया गया जलधारा महोत्सव

Gargachary Times 29 June 2026, 20:14 59 views
Mathura
ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज मंदिर में धूमधाम से मनाया गया जलधारा महोत्सव
​ वृंदावन। पुनीत शुक्ला भीषण गर्मी से ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने के लिए गोपीनाथ बाजार स्थित प्राचीन ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज मंदिर में जलधारा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को सुगंधित फूलों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया था। महोत्सव के दौरान ठाकुर जी के समक्ष निरंतर शीतल जल की धारा प्रवाहित की गई, जिससे पूरा गर्भगृह भक्तिमय और दिव्य वातावरण से सराबोर हो उठा। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के इस मनोहारी रूप के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। ​कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए मंदिर के सेवायत पंडित दाऊ दयाल शर्मा ने बताया कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व रखता है, जहां सदियों से चली आ रही परंपराओं का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया जाता है। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ब्रज की यह संस्कृति और परंपराएं केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि यह ठाकुर जी के प्रति हमारे अनन्य प्रेम और सेवा भाव को दर्शाती हैं। ग्रीष्म ऋतु में अपने आराध्य को सुख और शीतलता प्रदान करना हर भक्त का परम कर्तव्य है। इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी को भी सनातन संस्कृति और ब्रज के अनूठे सेवा भाव की प्रेरणा मिलती है। जलधारा महोत्सव के समापन पर भक्तों को विशेष रूप से शीतल प्रसाद और चरणामृत का वितरण किया गया। कार्यक्रम में श्याम बिहारी शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, अंकुर शर्मा, हरि बल्लभ गुप्ता, विष्णु गुप्ता, जितेंद्र वार्ष्णेय रोनू, कपिल अरोड़ा पार्षद पंकज अरोड़ा के साथ-साथ सैकड़ो भक्त उपस्थित रहे।
Follow Samachar24