Loading...

विद्यालय वाहनों में फिटनेस संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए 01, 02 जुलाई को आयोजित होगा विशेष शिविर- जिलाधिकारी

Gargachary Times 29 June 2026, 20:23 69 views
Mainpuri
विद्यालय वाहनों में फिटनेस संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए 01, 02 जुलाई को आयोजित होगा विशेष शिविर- जिलाधिकारी
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी विद्यालय वाहन बिना फिटनेस के संचालित न हो, सभी विद्यालय वाहनों से सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाए, बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ न हो। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि जनपद के 252 विद्यालयों के नाम 745 वाहन पंजीकृत हैं, जिसमें से 240 वाहनों में फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण आदि कमियां है, जिस पर उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से ऐसे स्कूली वाहनों की फिटनेस सहित अन्य कमियों को दूर करायें यदि विभाग में किसी के द्वारा स्कूली बसों के स्वामियों का शोषण किया गया तो दोषियों को चिन्हित कर उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कोई भी अनफिट वाहन छात्रों को लाने-ले जाने का कार्य न करें यदि किसी भी विद्यालय में अनफिट वाहनों के संचालन के कारण कोई दुर्घटना घटित हुयी तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी तयकर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। श्री त्रिपाठी ने बैठक में उपस्थित विद्यालय प्रबंधकों से कहा कि अपने-अपने विद्यालयों के अग्निशमन यंत्रों की जांच करायें, अग्निशमन यंत्र क्रियाशील रहें, विद्यालयों में शिक्षा के साथ छात्रों की सुरक्षा के भी विशेष प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा में छात्रों को अग्निकांड, भूकंप सहित अन्य देवीय आपदाओं के आने की दशा में क्या सावधानी बरतनी है, इस बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अग्निकांड का मुख्य कारण इलेक्ट्रिक वायरिंग है, इसलिए सभी विद्यालय प्रबंधन इलेक्ट्रिक वायरिंग, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी की जांच करायें, ऑटो-कट सिस्टम, फायर हाइड्रेंड स्थापित करायें। उन्होने बैठक में उपस्थित विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाध्यापकों से कहा कि विद्यालय में रोड सेफ्टी क्बल संचालित रहे, जिनके माध्यम से छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाये, विद्यालय वाहन चालकों के चरित्र, ड्राइविंग लाइसेंस आदि का सत्यापन प्राथमिकता पर कराया जाये, गुड सेमेटरन योजना में घायलों की मदद करने वालों को चिन्हित कर उन्हें योजना में पुरूस्कृत किया जाए। उन्होने कहा कि ओवर स्पीड, बिना सीट-बेल्ट, हेलमेट का प्रयोग किये वाहन चलाने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हो, उनका चालान कर जुर्माना वसूला जाये, जनपद के किसी भी मुख्य मार्ग पर गढ्ढे न हों, मुख्य मार्गों के किनारे अभियान चलाकर अनाधिकृत अतिक्रमण हटाये जायें, सड़क के किनारे गिट्टी, मोरम रख बिक्री करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव ने किया।
Follow Samachar24