Loading...

सैनिक बंधु बैठक में डीएम ने सुनी पूर्व सैनिकों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Gargachary Times 29 June 2026, 20:26 70 views
Firozabad
सैनिक बंधु बैठक में डीएम ने सुनी पूर्व सैनिकों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।बैठक को संबोधित करते हुए संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने लंबे समय तक देश की सीमाओं की रक्षा कर राष्ट्र सेवा की है, जिसके लिए पूरा देश उनका ऋणी है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और प्रशासन का प्रयास रहेगा कि उन्हें अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।बैठक के दौरान सैनिक सरनाम सिंह ने दबंगों द्वारा उनकी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व एवं पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं सूबेदार मदन गोपाल ने मदनपुर ब्लॉक क्षेत्र के अपने गांव में नाले की सफाई की समस्या उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को तत्काल फोन कर नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा सूबेदार जयप्रकाश राजपूत ने अपनी खतौनी में नाम एवं विवरण संशोधन का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक संशोधन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।अंत में संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सैनिक बंधु बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। प्रशासन पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।बैठक में अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24