जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए डीएम ने दिए सख्त निर्देश, स्कूल-कॉलेजों के आसपास चलेगा अभियान
Gargachary Times
29 June 2026, 20:26
90 views
Firozabad
फिरोजाबाद। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में जिला स्तरीय एनकोर्ड (नार्को कोऑर्डिनेशन केंद्र) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संतोष कुमार शर्मा ने की। बैठक में पुलिस प्रशासन, आबकारी विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि नशा आज समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य को खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसे जन आंदोलन के रूप में चलाने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही होर्डिंग, बैनर और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए तकनीकी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कई बार छात्र अनजाने में नशे के जाल में फंस जाते हैं और ड्रग पेडलर्स उन्हें आसान शिकार बनाते हैं।
संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों, ढाबों और अन्य स्थानों पर नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। यदि किसी भी स्थान पर प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक अभिशाप है और प्रशासन इसे समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में कल्पना जायसवाल, अरविंद कुमार द्विवेदी, डॉ रामबदन राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।