Loading...

संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी

Gargachary Times 29 June 2026, 20:27 57 views
Firozabad
संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
फिरोजाबाद। संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों एवं सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करना रहा।बैठक में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही घर-घर जाकर मरीजों और लक्षणों की पहचान करने के लिए 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक सघन ‘दस्तक अभियान’ संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस), शिक्षा तथा पशुपालन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। संतोष कुमार शर्मा ने विशेष रूप से ‘स्टॉप डायरिया कैंपेन’ के तहत शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, ओआरएस एवं जिंक टैबलेट वितरण तथा स्वच्छता जागरूकता जैसे विषयों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग माइक्रोप्लानिंग फॉर्मेट को अंतिम रूप देकर समय से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी की जा सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में अरविंद कुमार द्विवेदी, कल्पना जायसवाल, डॉ रामबदन राम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24