Loading...

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु बीआरसी चयन प्रक्रिया शुरू, 6 जुलाई तक मांगे आवेदन

Gargachary Times 29 June 2026, 20:28 73 views
Firozabad
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु बीआरसी चयन प्रक्रिया शुरू, 6 जुलाई तक मांगे आवेदन
फिरोजाबाद। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के माध्यम से बीआरसी का चयन किया जाएगा। उप कृषि निदेशक फिरोजाबाद द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बीआरसी उद्यमी बनने के इच्छुक आवेदकों को अपनी पात्रता सिद्ध करने हेतु वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही प्रस्तावित बीआरसी की अवस्थिति, प्राकृतिक खेती की स्थिति, क्षेत्र का बाजार विश्लेषण, मार्केटिंग रणनीति तथा प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कार्ययोजना सहित विस्तृत व्यवसाय प्रस्ताव देना होगा।इसके अतिरिक्त उत्पादन किए जाने वाले प्राकृतिक जैव-आदानों की सूची, कच्चे माल की उपलब्धता एवं सोर्सिंग का विवरण भी आवेदन के साथ देना अनिवार्य होगा।योजना के अंतर्गत बीआरसी संचालन के लिए स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), पीएसीएस, गौशाला, ग्राम पंचायत अथवा अन्य सामुदायिक संगठनों के साथ साझेदारी या संलग्नता का विवरण भी मांगा गया है।जिला स्तरीय निगरानी समिति स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक अतिरिक्त जानकारी भी मांग सकती है, ताकि बीआरसी की प्रभावी स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित किया जा सके।उप कृषि निदेशक ने बताया कि एफपीओ, एसएचजी, पीएसीएस सहकारी समितियां एवं स्थानीय उद्यमी अपने आवेदन 6 जुलाई 2026 तक उप कृषि निदेशक कार्यालय, फिरोजाबाद में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
Follow Samachar24