Loading...

मुख्य सचिव ने निवेश परियोजनाओं और जीबीसी तैयारियों की समीक्षा की

Gargachary Times 31 August 2025, 08:54 270 views
Lucknow
मुख्य सचिव ने निवेश परियोजनाओं और जीबीसी तैयारियों की समीक्षा की
उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यवाहक मुख्य सचिव एवं अपर मुख्य सचिव (वित्त एवं माध्यमिक शिक्षा) श्री दीपक कुमार ने आज इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से राज्य की प्रमुख निवेश परियोजनाओं की प्रगति और आगामी ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) की तैयारियों का आकलन किया गया। श्री कुमार ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने उद्योग संगठनों के साथ सक्रिय संवाद बनाए रखने और राज्य की नीतियों व प्रोत्साहन योजनाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने इन्वेस्ट यूपी को नियमित रूप से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें आयोजित करने, अनुमोदन प्रक्रियाओं को बाधारहित व सरल बनाने के साथ 34 से अधिक क्षेत्र-विशिष्ट नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान, इन्वेस्ट यूपी ने ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस (EoDB) को गति देने हेतु 'सुगम्य व्यापार (प्राविधानों का संशोधन) विधेयक' लाने की तैयारी से भी अवगत कराया, जो प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुगम बनाएगा। निवेश प्रोत्साहन की प्रगति इन्वेस्ट यूपी अधिकारियों ने बताया कि हाई-लेवल एम्पावर्ड कमेटी (एचएलईसी) के माध्यम से हर महीने औसतन 10 लेटर ऑफ कम्फर्ट (एलओसी) जारी किए जा रहे हैं और इस वर्ष अब तक 60 से अधिक एलओसी निवेशकों को जारी किए जा चुके हैं। प्रस्तुतिकरण में विभिन्न नीतियों के तहत दिए जाने वाले निवेश प्रोत्साहन, एसजीएसटी प्रतिपूर्ति और पूंजीगत सब्सिडी जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया। इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, श्री विजय किरण आनंद ने बताया कि निवेश प्रोत्साहन को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विशेष प्रकोष्ठ स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के सहयोग हेतु एक समर्पित फॉरेन डेस्क भी बनाया गया है। जीबीसी, जीआईएस और विदेश में होने वाले रोडशो की तैयारियाँ पर चर्चा बैठक में आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरीमनी (जीबीसी) और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस ) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इन्वेस्ट यूपी ने बताया कि विदेश से निवेश आकर्षित करने के लिए रोडशो की योजना दूतावासों और उद्योग संगठनों के सहयोग से बनाई जा रही है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इन रोडशो में लक्षित निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विशेष रणनीतिक प्रयास किए जाएँ। बैठक में अपर मुख्य सचिव (अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास) श्री आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विजय किरण आनंद, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री शशांक चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24