तेज आंधी का कहर: नीम का पेड़ गिरने से कई लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी
Gargachary Times
29 June 2026, 20:39
65 views
Firozabad
फिरोजाबाद। फरिहा थाना क्षेत्र के गांव चिडरई में रविवार शाम तेज आंधी ने कहर बरपा दिया। आवागढ़ से फरिहा की ओर आ रहे टिर्री और मोटरसाइकिल सवार लोगों पर अचानक सड़क किनारे खड़ा एक विशाल नीम का पेड़ गिर पड़ा। हादसे में कई लोगों के दबने की सूचना है, जबकि चार लोगों की मौत बताए जाने की खबर सामने आ रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों द्वारा पेड़ को काटकर उसके नीचे दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू कराया।
बताया जा रहा है कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है और पुलिस व ग्रामीण संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।प्रशासन द्वारा राहत कार्य जारी है तथा पेड़ हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।