Loading...

नैपई की प्राकृतिक झील बनेगी ईको टूरिज्म हब, रोवर तकनीक से हुआ डिजिटल सीमांकन

Gargachary Times 3 July 2026, 20:20 81 views
Firozabad
नैपई की प्राकृतिक झील बनेगी ईको टूरिज्म हब, रोवर तकनीक से हुआ डिजिटल सीमांकन
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को विकास खंड नारखी के राजस्व गांव नैपई स्थित मौजा कपावली का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को राजस्व विभाग की नई पैमाइश पद्धति “रोवर” की कार्यप्रणाली और उसके लाभों से अवगत कराना तथा गांव की सदियों पुरानी प्राकृतिक झील का डिजिटल सीमांकन कर उसकी सीमाओं को सुरक्षित करना रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि लगभग 7 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस प्राकृतिक झील को ईको टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके चारों ओर सघन वृक्षारोपण कराया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल केंद्र बन सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनपद को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं वाले क्षेत्रों को भी चिन्हित किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे तथा पुरानी प्राकृतिक धरोहरों और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।जिलाधिकारी ने बताया कि वीबी-जीरामजी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इस झील को पर्यटन विभाग, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के समन्वय से जनोपयोगी बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि रोवर तकनीक आधारित नई पैमाइश व्यवस्था से भूमि विवादों में कमी आएगी और ग्रामीणों को पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिलेगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Follow Samachar24