Loading...

डीएम ने पौधशाला नर्सरी का किया निरीक्षण, 12 जुलाई के वृक्षारोपण महाअभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील

Gargachary Times 4 July 2026, 19:15 59 views
Firozabad
डीएम ने पौधशाला नर्सरी का किया निरीक्षण, 12 जुलाई के वृक्षारोपण महाअभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ सिविल लाइन स्थित पौधशाला नर्सरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नर्सरी में संरक्षित एवं सुसज्जित 61 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का गहन अवलोकन किया तथा उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नर्सरी के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाए, ताकि पूरे जिले को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पेड़-पौधों का संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। वैश्विक स्तर पर बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और उपभोक्तावादी संस्कृति चिंता का विषय है, जबकि मनुष्य विकास की अंधी दौड़ में प्रकृति की उपेक्षा करता जा रहा है।डीएम ने कहा कि नर्सरी में तैयार हो रहे पौधों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण के महत्व और उसकी उपयोगिता को समझने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण बेहद जरूरी है।इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ यूपीसीडा परिसर में कचनार का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम 3.0” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है और “आओ मिलकर वृक्ष लगाएं, धरती को स्वर्ग बनाएं” तथा “आओ अपनी भूल सुधारें, पर्यावरण का रूप निखारें” जैसे संदेशों को सार्थक करना है।जिलाधिकारी ने कहा कि 12 जुलाई को होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान को सभी के सहयोग से सफल बनाकर जनआंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पंक्तिबद्ध तरीके से पौधे लगाने के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि पौधरोपण के बाद उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने पाखर का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में यूपीसीडा अध्यक्ष राजकुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24