वृंदावन की संकरी गलियों में ई-रिक्शों का बढ़ता आतंक, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
Gargachary Times
13 July 2026, 19:48
60 views
Mathura
वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन में ई-रिक्शों का अनियंत्रित संचालन लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। स्थिति यह है कि ई-रिक्शा चालक अब उन संकरी गलियों में भी प्रवेश करने लगे हैं, जहां वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध या अत्यधिक कठिनाई होती है।
हाल ही में बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र की एक संकरी गली में एक ई-रिक्शा फंस गया। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहीं स्थित प्रसिद्ध मीराबाई मंदिर में समय-समय पर मथुरा की सांसद भी दर्शन के लिए आती हैं और वे स्वयं पैदल ही मंदिर तक पहुंचती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जनप्रतिनिधि तक इस मार्ग पर पैदल पहुंचते हैं, तो वहां तक ई-रिक्शा का प्रवेश कैसे हो गया।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नियमों की अनदेखी कर संकरी गलियों में प्रवेश करते हैं, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का यह भी कहना है कि विरोध करने पर कुछ ई-रिक्शा चालक अभद्र व्यवहार करते हैं।
इस घटना ने बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते संकरी गलियों में ई-रिक्शों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित एवं संकरी गलियों में ई-रिक्शों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।