Loading...

सीतापुर में मौलाना यासूब अब्बास ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Gargachary Times 13 July 2026, 19:56 40 views
Lucknow
सीतापुर में मौलाना यासूब अब्बास ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सीतापुर। सदर इमामबाड़ा, सीतापुर में वृक्षारोपण के दौरान शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि आज पेड़ों की लगातार हो रही कटाई के कारण वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते सांस संबंधी अनेक नई बीमारियां जन्म ले रही हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए, ताकि पर्यावरण को शुद्ध बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मज़हब-ए-इस्लाम भी इंसान को पेड़ लगाने और प्रकृति की हिफाज़त करने की शिक्षा देता है। पेड़-पौधे न केवल हवा और पानी को स्वच्छ रखते हैं, बल्कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मौलाना यासूब अब्बास ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी-बड़ी जमीनों पर कब्ज़ा और विकास कार्यों के नाम पर तेजी से पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे हरियाली लगातार कम होती जा रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो इसका सबसे अधिक नुकसान आने वाली पीढ़ियों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पेड़ों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर और उनकी देखभाल करके ही हम आने वाली नस्लों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।
Follow Samachar24