Loading...

बुंदेलखंड राज्य की मांग को मिला व्यापक समर्थन, गंगाचरण राजपूत ने उठाई 28 हजार करोड़ घोटाले की जांच की मांग

Gargachary Times 13 July 2026, 20:33 43 views
Jalaun
बुंदेलखंड राज्य की मांग को मिला व्यापक समर्थन, गंगाचरण राजपूत ने उठाई 28 हजार करोड़ घोटाले की जांच की मांग
उरई। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं चार बार के पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि जिस प्रकार अयोध्या में कथित अनियमितताओं की एसआईटी जांच कराई गई, उसी प्रकार बुंदेलखंड में जल जीवन मिशन के लगभग 28 हजार करोड़ रुपये के बजट में हुए कथित भ्रष्टाचार की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। जिला बार संघ के सभागार में 'बुंदेलखंड राज्य बनाओ मोर्चा' के तहत अधिवक्ताओं से संवाद के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने पृथक बुंदेलखंड राज्य के लिए संघर्ष का संकल्प लिया है और अंतिम सांस तक इस आंदोलन को जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य बनने से क्षेत्र में रोजगार, कृषि, सिंचाई, पर्यटन, डेयरी उद्योग और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही अवैध खनन, पहाड़ों और पेड़ों की कटान पर प्रभावी रोक लगेगी तथा पलायन कम होगा। उन्होंने कहा कि नए राज्य में स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर और किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य बनने पर आंदोलन में योगदान देने वालों को 'बुंदेलखंड सेनानी' के रूप में सम्मानित कर पेंशन देने, जूनियर अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन भत्ता तथा वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन जैसी योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा। इस अवसर पर बुंदेलखंड दलित अधिकार मंच के संयोजक कुलदीप कुमार बौद्ध (एडवोकेट, हाईकोर्ट) ने पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि नए राज्य में दलित, शोषित और वंचित समाज को उनकी आबादी के अनुपात में सत्ता, संसाधनों और नीति निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के बिना नया राज्य अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर सकेगा। अखिल भारतीय मानवाधिकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप याज्ञिक ने भी पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत की बुंदेलखंड राज्य गठन की मांग का पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह मांग केवल प्रशासनिक पुनर्गठन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, आर्थिक विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और जल संकट के स्थायी समाधान से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से संविधान के अनुच्छेद-3 के तहत बुंदेलखंड राज्य गठन की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।इसी प्रकार भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह गौर ने भी संगठन की ओर से पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग का समर्थन किया। कार्यक्रम में जिला बार संघ अध्यक्ष ऋषि पटेल, महामंत्री साधना त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार यज्ञदत्त त्रिपाठी, एल्डर कमेटी अध्यक्ष लाजपत राय सक्सेना, वरिष्ठ समाजसेवी रामकृष्ण शुक्ला, किसान नेता भगवान दास राजपूत सहित अनेक अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कर्मक्षेत्र अवस्थी ने किया तथा अध्यक्षता यज्ञदत्त त्रिपाठी ने की।
Follow Samachar24