फिरोजाबाद पुलिस का साइबर वज्र अभियान: 11 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 1.50 करोड़ की ठगी का खुलासा
Gargachary Times
13 July 2026, 20:51
70 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस के 'साइबर वज्र अभियान' के तहत फिरोजाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और पेपर ट्रेडिंग फ्रॉड जैसे मामलों में शामिल 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड और नकदी बरामद की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान थाना दक्षिण में छह मुकदमे तथा थाना रसूलपुर, टूंडला, सिरसागंज और रामगढ़ में एक-एक मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 एंड्रॉयड मोबाइल, 8 आधार कार्ड, 4 बैंक पासबुक, 2 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, 2 पैन कार्ड और 65 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह तमिलनाडु, केरल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बेंगलुरु और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है।
पुलिस ने बताया कि एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी राजेश घुनावत ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।