रसूलपुर पुलिस व एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 20 लाख की चरस के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार तस्कर गिरफ्तार
Gargachary Times
14 July 2026, 20:38
49 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रसूलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक तस्करी गिरोह के चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 किलो 781 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी एएनटीएफ आगरा एवं क्षेत्राधिकारी नगर फिरोजाबाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने रेलवे रोड स्थित गली नंबर-2 के पास चारों आरोपियों को दबोच लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार से कम कीमत पर चरस खरीदकर उत्तर प्रदेश के आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा समेत विभिन्न जनपदों में चार से पांच गुना अधिक कीमत पर थोक एवं फुटकर में बेचते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से युवाओं को नशे का आदी बनाकर अवैध कारोबार कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू कुमार (बेगूसराय, बिहार), अरविंद साहनी (मूल निवासी बेगूसराय, वर्तमान निवासी आगरा), विजय कुमार (समस्तीपुर, बिहार) और मनोज कुमार (आगरा) शामिल हैं।
बरामदगी में 6.781 किलोग्राम चरस (14 पैकेट), चार मोबाइल फोन, 2,900 रुपये नकद, तीन पिट्ठू बैग, एक डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड तथा एक स्कूटी एक्टिवा भी शामिल है।
इस संबंध में थाना रसूलपुर में मु.अ.सं. 372/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों के विरुद्ध सफेमा (SAFEMA) और पिट एनडीपीएस एक्ट (PIT NDPS) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि उनकी अवैध संपत्तियों और पूरे नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया जा सके।