विश्व युवा कौशल दिवस पर रोजगार मेले का आयोजन, 116 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट, 25 को मिले ऑफर लेटर
Gargachary Times
14 July 2026, 20:41
90 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर बीडीएम गर्ल्स डिग्री कॉलेज, स्टेशन रोड, शिकोहाबाद में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, राजकीय आईटीआई एवं सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया।रोजगार मेले का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक नेहा वाजपेयी एवं कॉलेज की प्राचार्या गीता यादवेन्दु ने बुके भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
मेले में 10 प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों ने भाग लिया, जबकि 354 युवक-युवतियों ने रोजगार के लिए पंजीकरण कर साक्षात्कार में हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 116 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं मुख्य अतिथि विजय प्रताप यादव ने लगभग 25 चयनित युवक-युवतियों को मौके पर ही ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उपलब्ध रोजगार अवसरों, वेतनमान एवं कार्य की प्रकृति की विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने युवाओं से कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कौशल विकास मिशन की जिला समन्वयक नेहा वाजपेयी, जिला कौशल प्रबंधक सत्येन्द्र श्रीवास्तव, पंकज यादव, जिला प्रोग्राम मैनेजर हरि बाबू, कॉलेज के मुकेश कुमार, जिला सेवायोजन कार्यालय से सुमन, राजकीय आईटीआई शिकोहाबाद से अलका, यूपीएसडीएम के केंद्र प्रबंधक सैय्यद सावेज अली, वीरपाल सिंह, शैलेश कुमार, शिवकांत, कुलदीप यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।