Loading...

फरह में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र तंवर का किया स्वागत

Gargachary Times 15 July 2026, 18:47 55 views
Mathura
फरह में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र तंवर का किया स्वागत
फरह । फरह के नवागत खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) नरेंद्र तंवर का मंगलवार को ब्लॉक स्तर के अधिकारियों एवं शिक्षकों ने स्वागत किया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, फरह की ओर से उन्हें दुपट्टा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र तंवर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकारी विद्यालयों की सकारात्मक गतिविधियों और उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाना तथा गांव का कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए समय-समय पर शिक्षा चौपाल का आयोजन किया जाएगा। वहीं, जिन विद्यालयों में छात्र पढ़ाई में कमजोर हैं, उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित कर अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। स्वागत समारोह के दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, फरह के अध्यक्ष ललित कुमार रावत ने विकास खंड के शिक्षकों की लंबित समस्याएं खंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष रखीं। इस पर बीईओ नरेंद्र तंवर ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ मथुरा के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार यादव एवं नवीन यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में गोविंद बंसल, भूपेंद्र कुमार झा, भगवान सिंह (मंत्री), सुधीर कुमार (कोषाध्यक्ष), अरविंद तिवारी, सुनील लवानिया, विजय अग्रवाल, तेजवीर सोलंकी, मुकेश रावत, नेत्रपाल सिंह, रमेश चंद, अशोक परिहार, मनीष मिश्रा, तरुण गौतम एवं अंकुर सिंघल सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ, फरह के उपाध्यक्ष ब्रजेश शर्मा ने किया।
Follow Samachar24