Loading...

गांव में घुसे मगरमच्छ का सकुशल रेस्क्यू, लोगों से अपील- तुरंत करें हेल्पलाइन पर सूचना

Gargachary Times 15 July 2026, 19:32 38 views
Mathura
गांव में घुसे मगरमच्छ का सकुशल रेस्क्यू, लोगों से अपील- तुरंत करें हेल्पलाइन पर सूचना
फरह। एटा जिले के मकसूदपुर गांव में बुधवार आधी रात को उस समय दहशत फैल गई जब पास की सिंचाई नहर से निकलकर करीब 9 फुट लंबा मगरमच्छ गांव में आ गया। अचानक मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 2:00 बजे ग्रामीणों ने तुरंत 'वाइल्डलाइफ SOS रैपिड रिस्पॉन्स टीम' को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और विशेष बचाव उपकरणों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से काबू में किया। तड़के चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में मगरमच्छ को कोई चोट नहीं आई। स्वास्थ्य जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद टीम ने विशालकाय मगरमच्छ को इंसानी बस्तियों से दूर, उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार मानसून में पानी का स्तर बढ़ने से नहरें और नदियां आपस में जुड़ जाती हैं, जिससे मगरमच्छ भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट 1972 की अनुसूची I के तहत मगरमच्छों को सर्वाधिक कानूनी सुरक्षा प्राप्त है। वाइल्डलाइफ SOS के CEO कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि ऐसे हालात में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाकर रखनी चाहिए और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए। सचिव गीता शेषमणि ने बताया कि मगरमच्छ स्वस्थ मीठे पानी के इकोसिस्टम का संकेत हैं। इन्हें पकड़ने या भीड़ लगाने से दोनों को खतरा हो सकता है। कंजर्वेशन डायरेक्टर बैजू राज ने लोगों से अपील की कि मगरमच्छ या कोई अन्य वन्यजीव दिखे तो तुरंत हेल्पलाइन +91-99171 09666 पर सूचना दें।
Follow Samachar24