मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय हेतु निर्दिष्ट सामग्रियों के क्रय समिति की बैठक सम्पन्न
Gargachary Times
16 July 2025, 16:42
82 views
Lucknow
मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय हेतु निर्दिष्ट सामग्रियों के क्रय व अन्य बिंदुओं पर मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन आयुक्त कक्ष कार्यालय में आहूत किया गया। इस अवसर पर श्री राधेश्याम अपर आयुक्त न्यायिक,अपर श्रम आयुक्त श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव, सहायक श्रम आयुक्त श्री सुमित कुमार, डॉ प्रदीप कुमार संयुक्त शिक्षा निदेशालय ,श्री सुखवीर सिंह,प्रधानाचार्य अटल आवासीय विद्यालय सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में विद्यालय के कुशल संचालन एवं विद्यार्थियों के हित को दृष्टिगत रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। इनमें शिक्षकों की चयन प्रक्रिया, छात्र एवं छात्राओं के भोजन हेतु मेस व्यवस्था, सुरक्षा की दृष्टि से फैसिलिटी मैनेजमेंट की व्यवस्था, विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ शामिल रहीं। मंडलायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। सभी सदस्यों ने विद्यालय में चल रही शैक्षणिक व सहगामी गतिविधियों की सराहना की।
मण्डलायुक्त ने सुझाव दिया कि विद्यालय की समस्त गतिविधियों की कमेटी बनायी जाये और उन कमेटियों में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाये। मण्डलायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों के लिए विद्यालय में कैन्टीन को तत्काल टेंडर कराकर प्रारम्भ किया जाये। जिससे कि सभी को उचित सुविधाएं उपलब्ध हो सके। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय का विद्युत लोड विद्यालय के विद्युत खपत के अनुरूप किया जाये, तथा छतों पर लगे सोलर सिस्टम की क्षमता व पैनल में भी वृद्धि किया जाए।