Loading...

5 हजार के विवाद में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, 25-25 हजार के थे इनामी

Gargachary Times 17 July 2026, 19:36 46 views
Mathura
5 हजार के विवाद में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, 25-25 हजार के थे इनामी
फरह। महज पांच हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में हुए जानलेवा हमले के मामले में फरह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहिल उर्फ साहिल उर्फ सोहेल और उसके भाई फारुख उर्फ शाहरुख के रूप में हुई है। दोनों करीब साढ़े तीन महीने से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार 29 मार्च 2026 को फतिहा निवासी प्रीतम सिंह फरह कस्बे में एक कबाड़ी की दुकान पर अपने पांच हजार रुपये उधार लेने गया था। इसी दौरान रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि काले उर्फ आविद, सोहिल उर्फ साहिल उर्फ सोहेल, फारुख उर्फ शाहरुख समेत अन्य आरोपियों ने एकराय होकर प्रीतम के साथ गाली-गलौज की, पथराव किया और धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अनमोल के हाथ में चाकू लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना फरह में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले मुख्य आरोपी काले उर्फ आविद सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सोहिल और फारुख फरार चल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर फरह पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी सोहिल के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि फरार एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।
Follow Samachar24