जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह सुनी जन समस्याएं
Gargachary Times
18 July 2026, 19:33
44 views
Mainpuri
मैनपुरी - जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख जब ग्राम करीमगंज नि. सविता ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि प्रार्थिनी गरीब है और उसके पास रहने के लिए पक्का आवास नहीं है, शिकायतकर्ता ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लाभान्वित कराये जाने की मांग की, जिस पर उन्होंने परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. को शिकायती पत्र पृष्ठांकित करते हुए कहा कि पात्रता की गहनता से जांच करायें यदि आवेदक पात्र हो तो पात्रता सूची में नाम शामिल कर लक्ष्य प्राप्त होते ही योजना में लाभान्वित कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत सभी पात्र लाभार्थियों का नाम सूची में सम्मिलित हो, अन्य माध्यमों से भी आमजन को योजना की पात्रता के बारे में जागरूक किया जाये ताकि पात्र व्यक्ति योजना का लाभ पाने के लिए अपना नाम सूची मंे अंकित करा सकें।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि चकरोड की पैमाइश के उपरांत मनरेगा से मिट्टी का कार्य कराया जाए, किसी भी सार्वजनिक मार्ग पर अनधिकृत कब्जा न रहे, अवैध अतिक्रमण के कारण किसी भी व्यक्ति को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पक्की पैमाइश, मेढ़बंदी के उपरांत पुनः कब्जा करने की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं, पक्की पैमाइश, मेढ़बंदी के उपरांत यदि किसी के द्वारा कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराकर दंडात्मक कार्यवाही की जाए, किसी गरीब, कमजोर वर्ग के व्यक्ति की भूमि पर कहीं अनाधिकृत कब्जा न रहे, पात्र व्यक्ति अपनी भूमि पर काबिज रहे, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, खंड विकास अधिकारियों से कहा कि कहीं भी जलभराव की समस्या न रहे, जल निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं, नाले, नाली की भूमि का चिन्हांकन कर उन्हें संरक्षित किया जाए, कहीं भी नालों पर अवैध अतिक्रमण न रहे, नाले, नालियों पर अवैध अतिक्रमण के कारण जल-भराव की समस्या की स्थिति उत्पन्न न हो।
ग्राम लौंगपुर नि. दुष्यंत, सियाराम, विजय बहादुर, दीपक, मुकेश, लालूसिंह आदि ने दबंग व्यक्तियों द्वारा बंद किये गये आमरास्ते को खुलवाने, ग्राम तालिबपुर नि. रामपाल ने निजी भूमि पर विपक्षियों द्वारा जबरिया दबंगई के बल पर रास्ता निकाले जाने, मु. भरतवाल नि. राजीव वर्मा ने भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, ग्राम श्यामपुर नि. अनिल कुमार ने गाटा संख्या-3901, 3901/2 पर जबरिया कब्जा किये जाने, ग्राम नगला सभा नि. विजय लक्ष्मी ने गाटा संख्या-381, 382 की पैमाइश कराने, नगला सदा नि. आयुष ने गाटा संख्या-3639 पर बैनामाशुदा पर दबंगई द्वारा मेड बांधे जाने, ग्राम बल्लूपुर नि. गजेन्द्र प्रताप सिंह ने गाटा संख्या-248 पर जबरन घूरा डालकर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने, ग्राम इसई खास नि. विनोद कुमार, स्नेहलता ने भूमि को संक्रमणीय कराने, नवाटेढ़ा नि. तनय कुमार ने गाटा संख्या-561 पर कब्जा दिलाये जाने, ग्राम गोधना नि. ममता ने निर्माण कार्य में विपक्षियों द्वारा बाधा उत्पन्न करने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, उदय चौहान, अर्जुन चौहान के अलावा उप जिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।