संम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जन-समस्याएं
Gargachary Times
18 July 2026, 19:33
41 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कुरावली में जन-समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व, पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि विवाद, अवैध कब्जों से सम्बन्धित शिकायतों का मौके पर जाकर समाधान कराएं, फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, चक-मार्गों पर जहां भी अनाधिकृत कब्जे हो, उन्हें तत्काल चिन्हित कर हटवाया जाए ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण प्रत्येक विभाग के अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है इसलिए सभी अधिकारी सजग रहकर शिकायतों का निदान करें, किसी भी दशा में निर्धारित समय-सीमा के उपरांत कोई शिकायत किसी कार्यालय में लंबित न रहे।
श्री त्रिपाठी ने विशेष रूप से भूमि पर कब्जों से संबंधित प्रकरणों पर कहा कि जिन मामलों में पुनः कब्जा किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनमें संबंधित कानूनगो, लेखपाल, थानाध्यक्ष आज ही मौके पर पहुंचकर पैमाइश कराएं, वास्तविक व्यक्ति को तत्काल कब्जा दिलाया जाये, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पैमाइश के उपरांत यदि किसी व्यक्ति द्वारा पुनः अवैध कब्जा किया गया हो तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न रहे, जहां कहीं भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण या कब्जे की शिकायतें प्राप्त हों, वहां तत्काल संयुक्त टीम भेजकर कब्जा हटवाया जाए, दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि किसी भी दशा में भूमि की गलत नाप-तौल न की जाए, प्रत्येक पैमाइश पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कराई जाए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम इसई नि. शशिभान ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि खतौनी में प्रार्थी का नाम त्रुटिवश शशिभान के स्थान सत्यभान अंकित हो गया है, जिस पर उन्होने मौके पर ही साक्ष्य प्राप्त कर खतौनी में नाम दुरूस्त कराकर शिकायतकर्ता को राहत प्रदान की।
आज जन-सुनवाई के दौरान तहसील कुरावली क्षेत्र के 114 शिकायतकर्ताओं ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किये, जिसमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निदान कर फरियादियों को राहत प्रदान की। ग्राम कौआटोला नि. राम निवास ने भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम ईसई मांझपाटी नि. हरिकिशोर ने गाटा संख्या-210 की पैमाइश कराने, ग्राम खिरियापीपर नि. राम विलास ने दिलाये गये कब्जे पर विपक्षियों द्वारा पुनः कब्जा किये जाने, नहर पुल के पास नि. ज्ञाना ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम मिढ़ावली खुर्द नि. सियाराम ने अवैध कब्जे को खाली कराने, ग्राम खिरना नि. कालिका सिंह ने धारा-24 के वाद में पैमाइश कराने, ग्राम डगऊ नि. रीना देवी ने गाटा संख्या- 474 पर दबंगो द्वारा किये गये अवैध कब्जे को खाली कराये जाने, ग्राम सुजरई नि. रामसिंह ने गाटा संख्या-403 पर में अभिलेखों में संक्रमणीय कराने, ग्राम कमलपुर नि. अजय पाल ने गाटा संख्या- 514 पर विपक्षियों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी कुरावली प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानन्द, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक शोभनाथ चौरसिया, उपायुक्त उद्योग डॉ. बनवारी लाल, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश बघेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, जिला कृषि अधिकारी अविशांक चौहान, अधिशासी अभियंता लो.नि. डालचन्द्र भूकेश, अधिशासी अभियंता आर.ई.एस. नुजहत परवीन सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।