टूंडला में साइबर जागरूकता संगोष्ठी, पुलिस ने बैंक ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
Gargachary Times
18 July 2026, 20:09
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को कस्बा टूंडला स्थित क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण बैंक में साइबर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिरोजाबाद पुलिस की साइबर सेल टीम ने बैंक ग्राहकों एवं आमजन को विभिन्न प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संगोष्ठी में साइबर सेल के एएसआई किशोर पराशर एवं आरक्षी अंकित वर्मा ने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों से लोगों को अवगत कराया। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी और सीवीवी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी छोटी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।साइबर सेल ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करे, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि बचाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। अंत में पुलिस टीम ने सभी से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।