Loading...

'स्कूल चलो अभियान' के द्वितीय चरण की शुरुआत, डीएम-एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर निकाली वृहद नामांकन रैली

Gargachary Times 18 July 2026, 20:10 42 views
Firozabad
'स्कूल चलो अभियान' के द्वितीय चरण की शुरुआत, डीएम-एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर निकाली वृहद नामांकन रैली
फिरोजाबाद/जसराना। माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की नामांकन दर बढ़ाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जसराना में 'स्कूल चलो अभियान' के द्वितीय चरण के तहत वृहद नामांकन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित यह रैली प्रातः 9:30 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसराना से शुरू होकर तहसील परिसर तक पहुंची। रैली में विभिन्न विद्यालयों के करीब 600 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर, स्लोगन और आकर्षक पेंटिंग लेकर लोगों को अपने बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए प्रेरित करते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। वहीं एसएसपी आदित्य लांग्हे और डीआईओएस मुदिता पांडेय ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी बच्चों का समय पर विद्यालयों में नामांकन कराकर उन्हें शिक्षा से जोड़ें। रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की लगभग 300 छात्राओं, लोक राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के करीब 200 छात्र-छात्राओं तथा आदर्श जनता इंटर कॉलेज, मुस्तफाबाद रोड के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ भागीदारी की। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने संकल्प दोहराया कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और विशेष नामांकन अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जाए। फिरोजाबाद के जसराना में 'स्कूल चलो अभियान' के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को वृहद नामांकन जागरूकता रैली निकाली गई।
Follow Samachar24