जसराना संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 204 शिकायतें, डीएम-एसएसपी ने दिए एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश
Gargachary Times
18 July 2026, 20:10
59 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील जसराना में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 204 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक फरियादी अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय आता है। इसलिए किसी भी नागरिक को निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने पर जोर दिया।
डीएम ने उप जिलाधिकारी जसराना और पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि समाधान दिवस समाप्त होने के बाद राजस्व और पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर जमीनी विवाद एवं अतिक्रमण से जुड़े मामलों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतों को विशेष गंभीरता से निपटाने के निर्देश भी दिए।समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, विद्युत, पुलिस, अवैध कब्जा, जलभराव, राशन, ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई, भूमि विवाद, अतिक्रमण, आवास और शौचालय से संबंधित प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, डीएफओ भानेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी राम बदन राम, बेसिक शिक्षा अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी जसराना, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।