Loading...

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, मार्ग दुरुस्ती और सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

Gargachary Times 18 July 2026, 20:11 43 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, मार्ग दुरुस्ती और सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शनिवार को शिकोहाबाद स्थित एटा चौराहा तथा एटा-जसराना सीमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जहां-जहां सड़क पर जलभराव और गड्ढे पाए गए, उन्हें तत्काल भरवाकर मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने एटा-जसराना मार्ग पर स्थित पुल खडीत और पटीखरा नहर का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को सुरक्षा की दृष्टि से दोनों नहरों के किनारों पर अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जसराना ऋषभ पुंडीर, क्षेत्राधिकारी जसराना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24