Loading...

मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण में मिली खामियां, डीएम ने इंजीनियर को लगाई फटकार

Gargachary Times 18 July 2026, 20:11 42 views
Firozabad
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण में मिली खामियां, डीएम ने इंजीनियर को लगाई फटकार
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, पुल खड़ीत (एका) के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और खराब गुणवत्ता पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित कर पूरे निर्माण कार्य की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए।करीब 28.2 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 24 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस विद्यालय का निर्माण कार्य जुलाई 2025 में शुरू हुआ था, जिसे जनवरी 2027 तक पूरा किया जाना है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कार्य निर्धारित गति से नहीं चल रहा है और भवन निर्माण की फिनिशिंग भी संतोषजनक नहीं है। सबसे गंभीर अनियमितता निर्माण कार्य में जंग लगी सरिया के इस्तेमाल की मिली। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित इंजीनियर को फटकार लगाई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और खेल मैदान के विकास की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहने पाए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि जनवरी 2027 की निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा निरीक्षण में यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24