Loading...

ग्राम पलिया दोयम में डीएम की जन चौपाल, शिक्षा, किसान हित और जनसमस्याओं के समाधान पर रहा जोर

Gargachary Times 18 July 2026, 20:11 51 views
Firozabad
ग्राम पलिया दोयम में डीएम की जन चौपाल, शिक्षा, किसान हित और जनसमस्याओं के समाधान पर रहा जोर
फिरोजाबाद। शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड जसराना की ग्राम पंचायत पलिया दोयम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जन चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षा को समाज में बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते और मोजे उपलब्ध करा रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि गांव का कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित नहीं रहना चाहिए।चौपाल के दौरान राजस्व, विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, विद्युत एवं पूर्ति विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ग्राम प्रधानों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौपाल परिसर में 'ग्रीन चौपाल' के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। वहीं जिलाधिकारी ने किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील की और वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर बल देते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने की बात कही। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखी योजना के अंतर्गत सरोज, सीमा, अंजली देवी और रीता वर्मा को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जन चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, डीएफओ भानेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहन लाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी ऋषभ पुंडीर, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24