मक्खनपुर बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक में पीछे से घुसी कार; मां-बेटे की मौत, तीन गंभीर घायल
Gargachary Times
18 July 2026, 20:12
58 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के नए बाईपास पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और उसके आठ वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इंदरई गांव के सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की।
दुर्घटना में आठ वर्षीय अग्रिम, पुत्र सचिन, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां राखी (निवासी कुरावली, जनपद मैनपुरी) ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कार में सवार सचिन, उनकी बेटी और चालक यश प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही थाना मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।थाना मक्खनपुर प्रभारी निरीक्षक चमन शर्मा ने बताया कि कार में सचिन, उनकी पत्नी राखी, पुत्र अग्रिम, एक बेटी और चालक यश प्रताप सवार थे। दुर्घटना में राखी और उनके पुत्र अग्रिम की मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।