मानसून आपदाओं से निपटने को जिला इमरजेंसी कंट्रोल रूम सक्रिय, एडीएम ने किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
19 July 2026, 20:13
26 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी मानसून सत्र-2026 के दौरान संभावित बाढ़, अतिवृष्टि, जलभराव, आकाशीय बिजली तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद स्तर पर जिला आपातकालीन इमरजेंसी सेंटर (DEOC)/नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05612-285222 जारी किया गया है।
रविवार को अपर जिलाधिकारी (वि/रा) ने जिला आपातकालीन इमरजेंसी सेंटर (DEOC)/नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के समय आपदा विशेषज्ञ प्रिया उपाध्याय भी उपस्थित रहीं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपदा संबंधी सूचना या सहायता के लिए तत्काल जिला इमरजेंसी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05612-285222 पर संपर्क करें।