Loading...

शैक्षिक भ्रमण पर वर्ष 2025 के प्रशिक्षु आईएएस पहुंचे गीता शोध संस्थान, कार्यकलापों की ली जानकारी

Gargachary Times 20 July 2026, 19:27 61 views
Mathura
शैक्षिक भ्रमण पर वर्ष 2025 के प्रशिक्षु आईएएस पहुंचे गीता शोध संस्थान, कार्यकलापों की ली जानकारी
वृंदावन। वर्ष 2025 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के प्रशिक्षु महिला एवं पुरुष अधिकारियों का दल शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत 20 जुलाई (सोमवार) को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन पहुँचा। संस्थान के सभागार में आयोजित परिचयात्मक सत्र में उन्हें ब्रज की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन कार्यकलाप व गतिविधियों से परिचित कराया गया। गीता शोध संस्थान के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर वर्तमान में स्वच्छ अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ब्रज के तीर्थस्थलों, परिक्रमा मार्गों, घाटों तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को वृंदावन की लगभग 11 किलोमीटर लंबी परिक्रमा पर एक साथ विशेष स्वच्छता का महाअभियान चलाया गया। परिषद द्वारा श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े पौराणिक स्थलों, यमुना के प्राचीन घाटों एवं ऐतिहासिक कुंडों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए आधुनिक पर्यटन अवसंरचना और टूरिस्ट फैसिलिटेशन से जुड़े अनेक कार्य कराए जा रहे हैं। पांचजन्य प्रेक्षागृह, श्रीस्वामी हरिदास प्रेक्षागृह, आधा दर्जन मुक्ताकाशीय मंच (OAT) भी बनवाए गए हैं। इस अवसर पर गीता शोध संस्थान की ओर से प्रोफेसर दिनेश खन्ना,डा. उमेश चंद्र शर्मा तहसील सदर के अधिकारी आदि मौजूद थे। गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में रासलीला का प्रशिक्षण एवं मंचन, श्रीमद्भगवद्गीता के प्रेरक कार्यक्रमों के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक आयोजन नियमित रूप से होते हैं। प्रशिक्षु अधिकारियों ने ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, तीर्थ विकास, स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए इसे प्रशासनिक प्रशिक्षण के लिए अत्यंत उपयोगी अनुभव बताया।
Follow Samachar24