नसीरपुर में पुलिस मुठभेड़: नकबजनी गैंग के पांच बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Gargachary Times
20 July 2026, 20:06
58 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण, दो तमंचे, कारतूस तथा दीवार तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11/12 जुलाई 2026 की रात ग्राम रहल निवासी भंवर सिंह के घर की दीवार तोड़कर चोरों ने बक्से और अलमारी का ताला तोड़ते हुए सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना नसीरपुर में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रपड़ी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आत्मसमर्पण करने को कहा। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में तेज सिंह के पैर में गोली लगी। वहीं अन्य चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेज सिंह, नैमीचंद, सुरेशचंद्र, सियाराम और राधेश्याम के रूप में हुई है। सभी आरोपी आगरा जिले के फतेहाबाद और पिनाहट क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक करधनी, तीन जोड़ी पायल, बच्चों के दो खड़ुआ, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा दीवार तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले सब्बल, रिंच और अन्य औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी तेज सिंह सहित कुछ गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घायल आरोपी का उपचार पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है, जबकि सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से थाना नसीरपुर क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का सफल अनावरण हो गया है।