Loading...

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: कल एक मंडप में विवाह बंधन में बंधेंगे 337 जोड़े, तैयारियां पूरी

Gargachary Times 20 July 2026, 20:06 34 views
Firozabad
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: कल एक मंडप में विवाह बंधन में बंधेंगे 337 जोड़े, तैयारियां पूरी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को जेएमआर रिजॉर्ट, इंदूमई में भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी मुस्तैदी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस वर्ष मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 337 जोड़ों का चयन किया गया है, जो एक ही मंडप के नीचे विवाह बंधन में बंधेंगे। सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव की मिसाल पेश करते हुए 63 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार कराया जाएगा, जबकि शेष हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न होगा।बारिश के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि पूरा आयोजन कवर्ड एरिया में कराया जाए, ताकि लाभार्थियों, उनके परिजनों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर सरकार द्वारा एक लाख रुपये का व्यय किया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक और भव्य तरीके से कराया जा सके।उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक संबल प्रदान करना है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के साथ सफल बनाया जाए।
Follow Samachar24