जनगणना हस्त पुस्तिका निर्माण के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर
Gargachary Times
20 July 2026, 20:07
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कल्पना जायसवाल ने की।अपने संबोधन में एडीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य है। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का गहन अध्ययन कर निर्धारित समय सीमा में शुद्धता, गुणवत्ता और गंभीरता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य के सफल क्रियान्वयन की आधारशिला प्रशिक्षण होता है। प्रशिक्षण के माध्यम से नई प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी मिलती है, इसलिए सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय, लखनऊ से आए सहायक निदेशक गोविंद सोनी एवं फिरोजाबाद के जनगणना प्रभारी सनी कुमार राय ने जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) की उपयोगिता और संकलन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीसीएचबी के संकलन की संदर्भ तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है, जबकि इसका कार्य 16 अगस्त 2027 से 15 सितंबर 2027 तक संपन्न किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि तहसीलों से लेखपाल तथा नगर निकायों से कर निरीक्षकों को क्षेत्रीय पदाधिकारी नामित किया जाएगा, जो DCHB ऐप और पोर्टल के माध्यम से ग्रामवार एवं नगरवार सूचनाएं दर्ज करेंगे। इसके अलावा विभिन्न अध्यायों के संकलन, आंकड़ों के स्रोत, डेटा संग्रह की प्रक्रिया, अभिलेखों के सत्यापन तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन से जुड़े विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में सभी उप जिला जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), जनगणना बाबू, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला जनगणना अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।