Loading...

कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

Gargachary Times 20 July 2026, 20:08 48 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की उपस्थिति में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी, उप जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सावन का महीना अत्यंत संवेदनशील होता है। उन्होंने सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर झाड़ियां न रहें, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था हो तथा ग्राम प्रधानों को कांवड़ियों की सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़िया गांव के अतिथि हैं और उनके सम्मान की भावना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।डीएम ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर कहीं भी अंधेरा न रहे, बिजली के खुले या लटकते तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा महिला कांवड़ियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय स्थापित किए जाएं। साथ ही सभी हैंडपंप एवं पेयजल स्रोत पूरी तरह चालू रखने की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारियों को सौंपी गई।उन्होंने भंडारों के लिए पूर्व से स्थान चिन्हित करने और वहां किसी भी स्थिति में पॉलीथीन का उपयोग न करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर दुकानदारों को अपने सामानों की रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए ताकि ओवरचार्जिंग पर रोक लगाई जा सके। जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग पर स्थित दुकानदारों और आमजन से यात्रा अवधि में स्वेच्छा से नॉनवेज की बिक्री न करने की अपील भी की, जिससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को जेब्रा क्रॉसिंग बनाने, डार्क पैच पर रिफ्लेक्टर लगाने तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24