Loading...

ग्रामीण सफाई कर्मियों ने डीएम को सौंपा मांग पत्र, मुड़िया पूर्णिमा मेले में टीए-डीए व भोजन पानी व्यवस्था की उठाई मांग

Gargachary Times 20 July 2026, 20:08 118 views
Mathura
ग्रामीण सफाई कर्मियों ने डीएम को सौंपा मांग पत्र, मुड़िया पूर्णिमा मेले में टीए-डीए व भोजन पानी व्यवस्था की उठाई मांग
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी परिषद के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा। परिषद ने गोवर्धन में आयोजित होने वाले मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान विभिन्न विकास खंडों से ड्यूटी पर लगाए जाने वाले ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। परिषद के प्रतिनिधियों ने बताया कि मेले के दौरान जनपद के अलग-अलग विकास खंडों से बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाती है, लेकिन कर्मचारियों को कार्य अवधि के अनुसार यात्रा भत्ता (टीए) और दैनिक भत्ता (डीए) उपलब्ध नहीं कराया जाता। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी होने के बावजूद कर्मचारियों के विश्राम, भोजन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नहीं होती। इससे कर्मचारियों को कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। परिषद ने जिलाधिकारी से मांग की कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में ड्यूटी पर तैनात सभी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के लिए स्पष्ट ड्यूटी टाइम-टेबल जारी किया जाए तथा टीए-डीए, भोजन, पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस संबंध में परिषद ने जिलाधिकारी को अपना मांग पत्र सौंपा। इस दौरान राकेश कुमार खरे प्रदेश उपाध्यक्ष,चौधरी धर्मेंद्र सिंह प्रदेश सचिव,राजेश चौधरी प्रदेश प्रवक्ता,सुनील सैनी जिलाध्यक्ष,अमित जिला महामंत्री, फिरोज खान जिला कोषाध्यक्ष मौजूद रहे।
Follow Samachar24