वृंदावन में होटल एवं होटल संचालक एसोसिएशन का गठन, आलोक बंसल संस्थापक अध्यक्ष व आंशू गौतम बने अध्यक्ष
Gargachary Times
21 July 2026, 21:08
45 views
Mathura
वृंदावन। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले सोमवार को चैतन्य विहार में स्थानीय होटल और गेस्ट हाउस संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से होटल एवं गेस्ट हाउस संचालक एसोसिएशन का गठन करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है।बैठक में उपस्थित संचालकों ने सर्वसम्मति से आलोक बंसल को एसोसिएशन का संस्थापक अध्यक्ष, आंशू गौराम को अध्यक्ष, रामू गुप्ता को महामंत्री और आकाश गोस्वामी को कार्यकारिणी का सदस्य चुना। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस एसोसिएशन का मुख्य लक्ष्य होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के हितों की रक्षा करना तथा उनके सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना है। नवनियुक्त संस्थापक अध्यक्ष आलोक बंसल ने कहा कि धर्मनगरी में आने वाले देश-विदेश के तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, जिसके लिए पुख्ता व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी।एसोसिएशन ने यह भी साफ किया कि सभी संचालक शासन और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों व गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करेंगे। हालांकि, उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि किसी भी स्तर पर होटल व्यवसायियों का बेवजह उत्पीड़न करने की कार्रवाई की जाती है, तो पूरा संगठन एकजुट होकर उसका पुरजोर विरोध करेगा। इस दौरान क्षेत्र के तमाम होटल और गेस्ट हाउस संचालक मौजूद रहे।