सेठ प्रेमसुखदास भगत इंटर कॉलेज में 250 पौधों का रोपण, छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
Gargachary Times
21 July 2026, 21:11
74 views
Mathura
फरह। सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित आदर्श गांव योजना के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र, दीनदयाल धाम स्थित सेठ प्रेमसुखदास भगत इंटर कॉलेज में सोमवार को वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ विद्यालय परिसर में 250 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। सभी ने पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
सूर्या फाउंडेशन के जोन प्रमुख शत्रुहन लाल कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि मानव जीवन, पशु-पक्षियों और पूरी प्रकृति के अस्तित्व का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल पाएगा।"
ब्रज क्षेत्र प्रमुख आदर्श मिश्रा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों को "गोद" लें और उनकी देखभाल करें। उन्होंने घोषणा की कि जिन विद्यार्थियों द्वारा पौधों का सर्वोत्तम संरक्षण किया जाएगा, उन्हें संस्था की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस घोषणा से बच्चों में पौधों की देखभाल को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी ने मिलकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सूर्या फाउंडेशन से राजकुमार झा, भगवतस्वरूप, श्रीओम, विद्यालय प्रबंधक महादेव शर्मा, प्रधानाचार्या मंजू गौतम, गयाप्रसाद मौर्य, योगेंद्र कुमार मौर्य सहित अनेक शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।