भाजपा सरकार में अन्याय अत्याचार चरम पर है छात्रों व नौजवानों पर लाठियां चलाई जा रही हैं: अखिलेश यादव
Gargachary Times
21 July 2026, 21:15
42 views
Lucknow
दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। सरकार छात्रों, नौजवानों पर लाठियां चला रही है। उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। करंट लगा रही है। क्या इसीलिए सरकार बनी थी? क्या यही सबका साथ-सबका विकास है? क्या यही विकसित भारत का लक्ष्य है।
मंगलवार को संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने छात्रों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया है। आजाद भारत में छात्रों के साथ कोई सरकार इस तरह का व्यवहार करेगी, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। छात्रों के सिर पर चोटे हैं। टांके लगे हैं। हाथ-पैर की हड्डियां टूट गयी। सरकार ने हिटलर की तरह अपने निजी लोगों की गैंग से छात्रों पर लाठी चलवाया। छात्रों, नौजवानों को बुरी तरह मारा पीटा गया। हम लोग सुनते थे कि हिटलर ने अपनी प्राइवेट सेना बनाकर राजनीतिक विरोधियों पर अत्याचार किया था। अब देख भी लिया, भाजपा सरकार ने छात्रों के साथ वही दुर्व्यवहार किया जो हिटलर ने अपने राजनीतिक विरोधियों के साथ किया था। लोकतंत्र में इसे कभी नहीं स्वीकार किया जा सकता है। ऐसी तानाषाही सरकार को हटाने के लिए हम लोग लगातार लड़ते रहेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों, नौजवानों को नौकरी नहीं दे पा रही है। पेपर लगातार लीक होे रहे हैं। सरकार ने स्वीकार किया कि पेपर लीक हुए इसीलिए दोबारा नीट का पेपर हुआ। देश में जहां-जहां भाजपा की सरकारें है वहां पेपर लीक हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। छात्र और युवा पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो सरकार उन्हें प्रताड़ित करती है। लाठियां मारती हैं। क्या यही विश्व गुरु बनने का रास्ता है? क्या यही अमृतकाल है?
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और हेराफेरी की जिम्मेदारी सरकार की है, लेकिन दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा सरकार अपने संघी-साथी मंत्रियों पर इस्तीफे नहीं ले पा रही है, क्योंकि वह जानती है, जिस समय दबाव बनाकर इस्तीफा लेगी तो वे मंत्री इनके दबे छिपे राज खोल देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज भाजपा सरकार के खिलाफ छात्रो-नौजवानों में गुस्सा है। सरकार ने नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के साथ खिलवाड़ किया। छात्रों का भविष्य बर्बाद किया। भाजपा सरकार में युवाओ के लिए नौकरी-रोजगार नहीं है। सरकार हर दिन झूठ बोलती है। विश्व गुरु बनने और निवेश आने का झूठा दावा करती है। भाजपा सरकार में बहुत अहंकार है। युवा सरकार से नाराज है। यही नाराजगी दिल्ली में दिखाई दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन यापन नौकरियों से होता है। मध्यम वर्ग के लोग चाहते है कि उनके बच्चों को नौकरी मिल जाए, बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर बन जाए। लेकिन भाजपा सरकार में परीक्षाओं में धांधली, घपलेबाजी, भ्रष्टाचार हो रहा है। परीक्षाओं और भर्तियों की तैयारी करने वाले नौजवान निराश है। भाजपा सरकार ने युवाओं के सामने संकट पैदा किया है। यह संकट तभी खत्म होगा जब भाजपा सरकार सत्ता से हटेगी।