पैंटून पुल हटने से स्टीमर से जोखिम भरा सफर, लाइफ जैकेट के बिना जान हथेली पर रखकर नदी पार कर रहे लोग
Gargachary Times
21 July 2026, 21:19
44 views
Mathura
वृंदावन। पुनीत शुक्ला
यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण पैंटून पुल को हटा दिया गया है, जिससे नदी के दूसरे छोर से आने-जाने वाले लोगों की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं। पक्के पुल से होकर गुजरने पर दूरी बहुत अधिक तय करनी पड़ती है, जिसके चलते लोग मजबूरी में खतरनाक रास्ता चुनने को विवश हैं। समय और दूरी बचाने के चक्कर में रोजाना सैकड़ों लोग अपनी जान जोखिम में डालकर स्टीमर के जरिए यमुना पार कर रहे हैं।
इस सफर के दौरान सुरक्षा मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। क्षमता से कई गुना अधिक सवारियों को स्टीमर में बैठाया जा रहा है। हद तो तब हो जाती है जब यात्रियों के साथ-साथ स्टीमर पर दो पहिया वाहनों को भी लाद दिया जाता है। अत्यधिक वजन होने के कारण स्टीमर के पलटने का खतरा लगातार बना रहता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्टीमर में सवार किसी भी यात्री के पास लाइफ जैकेट तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यदि कोई अनहोनी होती है, तो लोगों का बचना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही यमुना में श्रद्धालुओं से भरी नाव डूबने के कारण कई लोगों की असमय मौत हो गई थी। उस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने कुछ दिनों तक तो कड़ी सख्ती दिखाई और व्यवस्था को सुधारने के दावे किए, लेकिन समय बीतते ही हालात फिर से जस के तस हो गए हैं। प्रशासन का रवैया पूरी तरह सुस्त पड़ चुका है और पुराना ढर्रा फिर से शुरू हो गया है।
प्रशासन की यह बेपरवाही और लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। किसी बड़े हादसे के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठे जिम्मेदार तंत्र को समय रहते जागना होगा, ताकि समय रहते मासूम लोगों की जान बचाई जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।