Loading...

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 337 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल

Gargachary Times 21 July 2026, 21:22 44 views
Firozabad
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 337 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को इंदूमई स्थित जेएमआर रिजॉर्ट में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। वेद मंत्रों, संस्कृत श्लोकों और मंगल गीतों के बीच 274 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह कराया गया, जबकि 63 मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ। कुल 337 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और समारोह ने गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल पेश की।माननीय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर उपलब्ध कराया गया। जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ सुनिश्चित कीं, ताकि नवदंपती अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और खुशी के साथ कर सकें। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 64 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि शेष राशि विवाह समारोह, भोजन, टेंट एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय की जाती है।समारोह को संबोधित करते हुए टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने गरीब माता-पिता की बेटियों की शादी की चिंता को काफी हद तक दूर किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक जीवन की शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने सभी 337 नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि आपसी प्रेम, सहयोग और विश्वास से ही परिवार और समाज मजबूत बनता है। समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, डीसी मनरेगा तूलिका श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Follow Samachar24