फिरोजाबाद में हर गुरुवार लगेगा फार्मर रजिस्ट्री विशेष कैंप, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
Gargachary Times
21 July 2026, 21:22
29 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद के सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी के संशोधित आदेश के अनुसार अब प्रत्येक गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सचिवालय, जनसेवा केंद्र (सीएससी) अथवा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार किसानों की भूमि का एकीकृत विवरण तैयार करने एवं भू-अधिकारों के अभिलेखीकरण के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर संचालित किया जा रहा है। जनपद में निर्धारित 3,03,341 किसानों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2,56,797 (85 प्रतिशत) किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है।उन्होंने कहा कि भविष्य में उर्वरक, बीज, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और अनुदानों का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। शेष किसानों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने तहसील सदर, टूंडला, शिकोहाबाद, जसराना एवं सिरसागंज में उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सुपर नोडल एवं नोडल अधिकारी नामित किया है। वहीं, जनपद के 289 ऐसे गांव, जहां फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति कम है, वहां विशेष टीमें लगाकर खतौनी, नाम मैपिंग और अंश निर्धारण का कार्य प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार शिविर में कार्यरत प्रत्येक वीएलई एवं जनसेवा केंद्र संचालक को प्रतिदिन कम से कम 60 फार्मर रजिस्ट्री तैयार करनी होगी। साथ ही शिविरों में फार्मर रजिस्ट्री के अलावा पात्र परिवारों की फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। फैमिली आईडी की निगरानी संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण की निगरानी मुख्य चिकित्साधिकारी करेंगे।
अभियान की दैनिक समीक्षा एवं निगरानी के लिए विकास भवन में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका संचालन जिला कृषि अधिकारी के स्तर से प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों, कर्मचारियों, लेखपालों, ग्राम विकास अधिकारियों, कृषि विभाग के तकनीकी सहायकों, सीएससी संचालकों एवं संबंधित कार्मिकों को अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थित रहकर दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।